25 Jan 2026
मुरादाबाद, 25 जनवरी (हि.स.)। सिविल लाइंस क्षेत्र की युवती से दिल्ली के एक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती कर ली। उसने शादी करने का झांसा देकर युवती से मुलाकात की और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो काे वायरल करने की धमकी देकर युवती काे ब्लैकमेल कर रहा है।इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लाेगाें पर मुकदमा दर्ज किया हैं। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि रविवार को पीड़ित युवती ने थाना सिविल लाइंस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दिल्ली के आनंद विहार शास्त्री नगर निवासी प्रिंस गोयल से इंस्टाग्राम के जरिये उसकी दोस्ती हो गई थी। कुछ दिन बाद प्रिंस ने उससे कहा कि वाे उसे पसंद करता और शादी करना चाहता है। आराेप है कि आरोपित ने शादी करने का झांसा देकर उससे मुलाकात की और इस दाैरान उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर आरोपित युवक, उसके पिता और बहन-बहनोई के खिलाफ धमकी देने, रंगदारी मांगने और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।