12 Feb 2026
फरीदाबाद, 12 फरवरी (हि.स.)। बैंक कर्मचारी बनकर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-3 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि पिछले दिनों उसके पास किसी अज्ञात का फोन आया, जिसने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर दिया। उसके सहमत होने पर उसे पास एक लिंक भेजा गया और उस लिंक पर कार्ड की जानकारी भरने के लिए कहा गया। जानकारी भरने के बाद उसके मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भी लिंक पेज पर दर्ज करवाया गया, जिसके तुरंत बाद उसके खाते से 15 हजार 199 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिल्ली के नजफगढ़ निवासी शिवम चौहान, अंकित, शिव शंकर ठाकुर, अंसुम व हर्ष कुमार सिंह निवासी लक्ष्मी विहार, दिल्ली व एक महिला को को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि अंकित, शिव शंकर व महिला आरोपी कॉलिंग कर लोगों को झांसा देते थे। शिवम कॉलिंग के लिए सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, जबकि अंसुम और पारस डाटा उपलब्ध करवाने का काम करते थे। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी हर्ष कुमार, शिवम व महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है वहीं अंकित, शिव शंकर और अंसुम को छह पुलिस रिमांड पर लिया गया है।