17 Jan 2026
नई दिल्ली, 17 जनवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली परिवहन निगम (डी.टी.सी.) के दक्षिण क्षेत्र में व्यापक सघन जांच अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान दक्षिण क्षेत्र के सभी अधिकारी सुबह एवं शाम की पारी में मैदानी स्तर पर सक्रिय रहे।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की जांच, चालक व परिचालक के आचरण एवं ड्राइविंग आदतों की समीक्षा तथा लेन ड्राइविंग और बस बॉक्स में ही बसें रोकने के प्रति कर्मचारियों में अनुशासन एवं जागरूकता स्थापित करना था।
मुख्य जांच स्थल महारानी बाग, आई.एन.ए., मोती बाग, कनॉट प्लेस, निजामुद्दीन, कृषि भवन तथा एम्स आदि रहे। जांच के दौरान बस कर्मचारियों को विनम्र व्यवहार एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में 99 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पाए जाने पर जुर्माना किया गया तथा लगभग 32 चालकपरिचालक के विरुद्ध विभिन्न अनियमितताओं पर चालान जारी किए गए।
यह भी सूचित किया गया कि भविष्य में इस प्रकार के सघन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।