20 Feb 2026
चेन्नई, 20 फरवरी (हि.स.)। चेन्नई बीच और तांबरम के बीच चलने वाली उपनगरीय इलेक्ट्रिक ट्रेन सेवा प्रभावित हुई हैं। सिग्नल में खराबी के कारण इस मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही रोक दी गईं। इस व्यवधान के कारण सुबह यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। चेन्नई के उपनगरीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग रोजाना काम, स्कूल और कॉलेज जाने के लिए मुख्य रूप से रेल परिवहन का उपयोग करते हैं। वर्तमान में चेन्नई बीच रेलवे स्टेशन से तांबरम, चेंगलपट्टु, तिरुमालपुर मार्ग, बीच–वेलाचेरी, बीच–गुम्मिडीपुंडी और बीच–अरक्कोनम सहित कई मार्गों पर उपनगरीय ट्रेनें संचालित की जाती हैं। इन ट्रेनों से स्कूल–कॉलेज के छात्र और नौकरीपेशा लोग बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं। दक्षिण रेलवे ने बताया है कि चेन्नई एग्मोर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के कारण प्लेटफॉर्म संख्या 10 और 11 से चलने वाली उपनगरीय इलेक्ट्रिक ट्रेनें 20 फरवरी से 5 अप्रैल की मध्यरात्रि तक प्लेटफॉर्म 5 और 6 से संचालित की जाएंगी। चेन्नई बीच से तांबरम और चेंगलपट्टु के लिए चलने वाली उपनगरीय ट्रेनें प्लेटफॉर्म 6 से तथा चेंगलपट्टु और तांबरम से बीच की ओर चलने वाली ट्रेनें प्लेटफॉर्म 5 से संचालित होंगी। इन 45 दिनों के दौरान ट्रेनें अस्थायी समय-सारिणी के अनुसार ही चलाई जाएंगी। ऐसे में उपनगरीय रेल सेवा में बदलाव के पहले ही दिन चेन्नई बीच–तांबरम मार्ग पर तकनीकी समस्याओं ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। सिग्नल में खराबी के कारण कई ट्रेनें विभिन्न स्थानों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। नई संख्या और समय-सारिणी के अनुसार कुल 160 इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें से 80 ट्रेनें चेन्नई बीच से तथा 80 ट्रेनें चेंगलपट्टु और तांबरम से दोनों दिशाओं में संचालित होंगी। पहले चल रही 204 सेवाओं के स्थान पर अब कुल 160 सेवाएं दोनों दिशाओं में संचालित की जाएंगी।चेंगलपट्टु और तांबरम से बीच तक कुल 67 ट्रेन सेवाएं संचालित होंगी। एग्मोर स्टेशन पर ही 11 ट्रेन सेवाएं रद्द की जाएंगी। इसी बीच महानगर परिवहन निगम ने घोषणा की है कि उपनगरीय रेल सेवाओं में कमी के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए तांबरम और किलाम्बक्कम की ओर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।