29 Dec 2025
•IGMS से मौजूदा ग्रीवांस पोर्टल को मर्ज करने, शिकायतों का तेजी से समाधान करने के साथ रियल-टाइम निगरानी संभव होगी
•यह सिस्टम AI डैशबोर्ड से विश्लेषण की जानकारी देने के साथ परफॉर्मेंस ट्रैकिंग करेगा और सरकारी कामकाज की जवाबदेही को और बेहतर बनाएगा
नई दिल्ली, 29 दिसंबर (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पारदर्शी और परफॉर्मेंस आधारित गर्वनेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार IIT कानपुर के साथ मिलकर बहुत जल्द आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित इंटेलिजेंट ग्रीवांस मॉनिटरिंग सिस्टम (IGMS) लॉन्च करने जा रही है। यह AI-इनेबल्ड प्लेटफॉर्म दिल्ली के ग्रीवांस मॉनिटरिंग सिस्टम को एक यूनिफाइड डिजिटल डैशबोर्ड में इंटीग्रेट करेगा, जिससे बेहतर एनालिसिस, समस्याओं का तेजी से समाधान के साथ और बेहतर पब्लिक सर्विस डिलीवरी संभव होगी।
वर्तमान में राजधानी दिल्ली के नागरिक पब्लिक ग्रीवांस मैनेजमेंट सिस्टम समेत कई अन्य सिस्टम के जरिए शिकायतें दर्ज कराते हैं, जिनमें सार्वजनिक शिकायत प्रबंधन प्रणाली (PGMS) सहित कई पोर्टल शामिल हैं। हालांकि हर पोर्टल का अपना एक खास उद्देश्य होता है, लेकिन उनके अलग-अलग काम करने से अक्सर देरी, काम में दोहराव और पूरी निगरानी की कमी जैसी चुनौतियां सामने आती हैं।
IIT कानपुर द्वारा विकसित किया गया नया IGMS, सुरक्षित एपीआई और एडवांस्ड AI/ML टूल्स का इस्तेमाल करके इन प्लेटफॉर्म्स को आसानी से इंटीग्रेट करेगा। जिसकी प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं:
•यूनिफाइड डैशबोर्ड: PGMS, LG लिसनिंग पोस्ट, सार्वजनिक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली ( सेंट्रलाइज़्ड पब्लिक ग्रीवांस रिड्रेस और मॉनिटरिंग सिस्टम (CPGRAMS) और दूसरे ग्रीवांस पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों को एक ही जगह पर प्रदर्शित करेगा
•सिमेंटिक सर्च: यूज़र्स को सिर्फ कीवर्ड ही नहीं, बल्कि शिकायत की प्रकृति के आधार पर भी सर्च करने की सुविधा देता है
•रूट कॉज़ एनालिसिस: बार-बार आने वाली शिकायतों के पीछे की असली कारणों और समस्या की पहचान।
•डिपार्टमेंट प्रेडिक्शन और स्पैम फ़िल्टरिंग: शिकायतों को ऑटोमैटिकली सही डिपार्टमेंट में भेजता है और स्पैम को फिल्टर करने की तकनीक
•शिकायत निवारण प्रभावशीलता रैंकिंग: शिकायत समाधान के आधार पर विभागों और क्षेत्रों को प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग करेगा
•डॉक्यूमेंट OCR (ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन): आसान प्रोसेसिंग के लिए हाथ से लिखे या टाइप किए गए शिकायत डॉक्यूमेंट्स का डिजिटलीकरण करेगा
IIT कानपुर इस सिस्टम इंटीग्रेशन, साइबर सिक्योरिटी ऑडिट (वल्नरेबिलिटी असेसमेंट और पेनिट्रेशन टेस्टिंग) और पोर्टल का मेंटेनेंस संभालेगा। इस पहल का मकसद दिल्ली के शिकायत निवारण सिस्टम में और ज़्यादा पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता लाना है।
इस नए AI-आधारित इंटेलिजेंट ग्रीवांस मॉनिटरिंग सिस्टम पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के आईटी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हम दिल्ली के नागरिकों को बेहतर सेवा देने के लिए नई टेक्नोलॉजी को अपना रहे हैं। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इंटेलिजेंट ग्रीवांस मॉनिटरिंग सिस्टम (IGMS) न केवल कई पोर्टल्स को इंटीग्रेट करेगा, बल्कि हमारे अधिकारियों को डेटा-आधारित जानकारियां उपलब्ध कराकर सशक्त भी बनाएगी। यह पारदर्शी, जवाबदेह, उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इंटेलिजेंट ग्रीवांस मॉनिटरिंग सिस्टम (IGMS) एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग-आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसे जनता की सार्वजनिक शिकायतों को एकीकृत करने, उनका सटीक विश्लेषण और निगरानी करने के लिए खास तौर से डिज़ाइन किया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को और बेहतर बनाना, शिकायतों के समाधान में लगने वाले समय-सीमा को कम करना और सरकार और नागरिकों के बीच विश्वास और भरोसे को बढ़ाना है।