05 Feb 2026
नई दिल्ली, 5 फरवरी (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। श्रीमंत झा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उज्बेकिस्तान के ताशकंद शहर में आयोजित
वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए PIUH -85 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में श्रीमंत झा ने बेहतरीन ताकत, तकनीक और धैर्य का परिचय देते हुए विश्व स्तर के खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
अपनी इस उपलब्धि को श्रीमंत झा ने भारत माता के वीर शहीद जवानों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि मेरी हर जीत देश के उन वीर जवानों के लिए है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह ब्रॉन्ज मेडल मैं उन सभी शहीदों को समर्पित करता हूं।
प्रतियोगिता का विवरण:
वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग कप 2026 का आयोजन 31 जनवरी से 07 फरवरी 2026 तक ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में किया गया है। इस प्रतिष्ठित विश्व कप प्रतियोगिता में श्रीमंत झा ने अपनी शक्ति, अनुभव और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता।
श्रीमंत झा की उपलब्धियां :
श्रीमंत झा दुनिया के तीसरे और एशिया के नंबर-वन पैरा आर्म रेसलर हैं। अब तक भारत के लिए 62 अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुके हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। इस सफलता ने विश्व स्तर पर उनकी पहचान को और मजबूत किया है।
श्रीमंत झा ने कहा कि यह उपलब्धि मेरे लिए बहुत खास है। मैं हर मुकाबला देश के वीर जवानों की प्रेरणा से खेलता हूं। मेरा अगला लक्ष्य आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव और बढ़ाना है।