17 Feb 2026
जोधपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्य पीठ और जयपुर बेंच को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाईकोर्ट प्रशासन को आज सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंची। कोर्ट रूम सहित पूरी बिल्डिंग को खाली करवाया गया। तलाशी के बाद किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हर बार की तरह इस बार भी हाईकोर्ट प्रशासन के ईमेल पर समान पैटर्न पर धमकी भरा मेल भेजा गया। मेल मिलने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ हाईकोर्ट परिसर पहुंचे। सुरक्षा दस्तों की ओर से हाईकोर्ट की मुख्य भवन की गहनता से जांच की गई। हालांकि कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल की अगुवाई में पुलिस टीमों ने तलाशी ली। बम डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम ने चप्पे-चप्पे को खंगाला ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सकें। इसी तरह जयपुर बेंच में भी तलाशी ली गई। हाईकोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए कामकाज को स्थगित कर दिया। डिस्प्ले बोर्ड पर सूचना जारी कर बताया गया कि कोर्ट का कामकाज सुबह 11.30 बजे से शुरू होगा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया। बिना वैध कार्ड और पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रवेश गेटों पर चैकिंग बढ़ा दी गई और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। हाईकोर्ट प्रशासन और पुलिस ने वकील संगठनों के पदाधिकारियों से जांच प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। लगातार मिल रही धमकियां गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में राजस्थान हाईकोर्ट को इस तरह के कई धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जो जांच के दायरे में हैं। इससे पहले 6 फरवरी को भी इसी तरह की धमकी के बाद जयपुर और जोधपुर दोनों परिसरों को खाली कराया गया था। इससे पहले गत वर्ष 31 अक्टूबर को जयपुर में बम विस्फोट की पहली धमकी मिली थी। इसके बाद 5 दिसंबर को दूसरी धमकी दी गई। आठ दिसंबर से लगातार चार दिनों तक ब्लास्ट को लेकर हाईकोर्ट प्रशासन को मेल भेजे गए। बार-बार मिल रही इन धमकियों के कारण कोर्ट की न्यायिक कार्यवाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे वकीलों और आम जनता में रोष और भय का माहौल है।