12 Feb 2026
इस्लामाबाद, 12 फरवरी (हि.स.)। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता, भीख मांगने, चोरी एवं सुरक्षा कारणों से खाड़ी देशों ने पिछले साल पाकिस्तान के 38,616 नागरिकों को अपने यहां से निर्वासित (डिपोर्ट) कर दिया। नेशनल असेंबली में प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान के प्रवासी और मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने लिखित जवाब में कहा कि साल 2025 में बहरीन से 786, कुवैत से 163, ओमान से 2,537, सऊदी अरब से 27,692, यूनाइटेड अरब अमीरात से 6,794 और कतर से 644 नागरिकों को डिपोर्ट किया गया। दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार मंत्रालय ने इसका कारण बताया कि खाड़ी देशों ने यह कार्रवाई गैरकानूनी तरीके से रहने, वीजा उल्लंघन, भीख मांगने, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में इनके शामिल होने की वजह से की। कई देशों ने तो इनकी भीख मांगने की प्रवृत्ति से आजिज होकर देश निकाला जैसा कठोर कदम उठाया।