24 Jan 2026
नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिले के मौजपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक कैफे के अंदर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात वेलकम थाना क्षेत्र स्थित एक कैफे में रात करीब 11:28 बजे हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात 11:28 बजे वेलकम थाने को फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कैफे के अंदर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसकी पहचान फैजान उर्फ फज्जी (24) के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल उसे जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच हर एंगल से की जा रही है। कैफे के स्टाफ से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस की कई टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हैं। वहीं मृतक के भाई सलमान ने आरोप लगाया कि फैजान शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे अपने दोस्त के कैफे में गया था। वहां उस पर तीन गोलियां चलाई गईं—एक सिर में और दो सीने में। सलमान के अनुसार, फैजान की हत्या पैसों के लेनदेन के विवाद में की गई है। आरोप है कि आरोपित ने फैजान से करीब 30 हजार रुपये उधार लिए थे, जो वह वापस नहीं कर रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सलमान ने यह भी दावा किया कि आरोपित ने पहले भी फैजान पर हमला किया था, जिसकी शिकायत भजनपुरा थाने में दर्ज कराई गई थी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में फायरिंग, लूट और झगड़ों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने सवाल उठाए कि गणतंत्र दिवस जैसे बड़े राष्ट्रीय आयोजन से पहले भी अगर अपराधी खुलेआम गोलीबारी कर हत्या कर रहे हैं, तो आम दिनों में आम लोगों की सुरक्षा की क्या गारंटी है।