18 Feb 2026
फिरोजाबाद, 18 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले की मटसेना थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बुधवार को आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रक से धान की भूसी के बीच तस्करी को बिहार जा रही एक करोड़ से अधिक की अवैध शराब बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से अन्तरराज्यीय दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी के क्रम में थानाध्यक्ष विमलेश कुमार त्रिपाठी थाना मटसेना, प्रभारी निरीक्षक एसओजी प्रेम शंकर पाण्डेय पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना पर दो अभियुक्त राजस्थान निवासी सवाई सिंह, गणनीर खां को आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे सर्विस रोड दतावली अण्डरपास थाना क्षेत्र मटसेना से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान ट्रक से भिन्न-भिन्न ब्राण्ड की 810 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक समेत माल को जब्त कर लिया। एएसपी ने बताया कि अभियुक्तगण पंजाब से शराब ले जाकर आर्थिक लाभ के लिए बिहार में तस्करी करते हैं। बिहार में शराब बंदी के कारण अधिक मुनाफा कमाते हैं। ट्रक को चेक किया तो ट्रक के आगे की तरफ नंबर प्लेट नहीं लगी है। ट्रक पर पीछे की तरफ पीले रंग की नंबर प्लेट पर काले रंग से (सीजी 07 सीजी 5553) अंकित है। तस्कर ट्रक में धान की भूसी के बीच शराब को छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ से अधिक है। पुलिस सभी के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।