25 Mar 2026
हैदराबाद, 25 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना हाई कोर्ट ने काे दल-बदल के मामले में राज्य के विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार और सात विधायकों को नोटिस जारी किया है। काेर्ट ने यह कार्रवाई भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की दायर याचिकाओं पर की गई है, जिनमें स्पीकर के फैसले को चुनौती दी गई है। दरअसल, राज्य विधानसभा स्पीकर गड्डम प्रसाद कुमार ने मार्च में 10 विधायकों के खिलाफ दायर अयोग्यता याचिकाओं को खारिज कर दिया गया था। ये सभी विधायक हाल ही में बीआरएस छोड़कर सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल हुए थे, जिसके बाद बीआरएस ओ उनके खिलाफ दल-बदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की मांग की याचिकाएं दायर की गई थीं। सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद के साथ जिन विधायकों को नोटिस जारी किया है, उनमें दानम नागेंदर, आरेकापुडी गांधी, काले यदैय्या, टी. प्रकाश गौड़, पोचाराम श्रीनिवास रेड्डी, बंडला कृष्ण मोहन रेड्डी और तेल्लम वेंकट राव शामिल हैं। काेर्ट ने सभी को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जवाब काउंटर एफिडेविट के साथ दाखिल करें। मामले की अगली सुनवाई 16 अप्रैल को निर्धारित की गई है।