01 Feb 2026
नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट में दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा को विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने त्रिनगर के शंकर चौक स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 का प्रसारण देखा। मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि कि दिल्ली से वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर केवल रेल परियोजना नहीं, बल्कि गति, प्रगति और जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है। इससे दिल्ली की कनेक्टिविटी नए स्तर पर पहुंचेगी, पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी, युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार अवसर बनेंगे और व्यापार करने में सुगमता को मजबूत आधार मिलेगा। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ दिल्ली राष्ट्रीय विकास की धुरी के रूप में और सशक्त होगी।