25 Apr 2026
उदयपुर, 25 अप्रैल (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उदयपुर में राह चलती छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में सूरजपोल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना शहर के दिल्लीगेट क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार शाम कोचिंग से लौट रही एक छात्रा को दो युवकों ने निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, छात्रा जब कोचिंग से बाहर निकली तो दोनों आरोपित उसका पीछा करने लगे। उन्होंने रास्ते में छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उसे रोककर हाथ पकड़ने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर होते देख छात्रा साहस दिखाते हुए वहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ओर दौड़ी और मदद मांगी। पुलिसकर्मी को देखकर दोनों आरोपित स्कूटी से मौके से फरार हो गए। छात्रा ने घबराहट के बावजूद स्कूटी का नंबर भी नोट कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान की। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के निर्देशन में टीम ने दबिश देकर आरोपियों शालीन मीणा निवासी गोवर्धन विलास और ओमप्रकाश डांगी निवासी लोयरा बड़गांव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपित पुलिस को देखकर भागने लगा और दूधतलाई स्थित माछला मगरा के जंगलों की ओर भागते समय गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में उपचार दिलाने के बाद हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, शालीन मीणा एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि इस तरह की घटनाओं में पीड़िताएं बिना डर के तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने आपात स्थिति में 1090 महिला हेल्पलाइन या 100112 पर कॉल करने की अपील भी की है।