11 Feb 2026
श्रीभूमि (असम), 11 फरवरी (हि.स.)। असम के श्रीभूमि जिलांतर्गत रामकृष्णनगर क्षेत्र के आनिपुर बाजार में बुधवार काे सिंघला नदी पर बने पुल के अचानक टूटाने से एक के बाद एक कई वाहन सीधे नदी में गिर गए। दुर्घटना में दो हाईवा डंपर, एक वैगनार कार, एक अल्टो कार, एक बाइक और एक ऑटो ट्रक नदी में पलट गए। इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हाे गए। पुल के टूटते ही चालक और यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई और पूरे इलाके में कोहराम मच गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से दाे लाेग घायल हो गए। उनमें से एक को तुरंत श्रीभूमि अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे को चरगुला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंतिम सूचना मिलने पर घटना स्थल पर चक्राधिकारी सौभिक दत्त पहुंचे, साथ ही पुलिस टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गये। बचाव अभियान और यातायात नियंत्रण के लिए प्रयास जारी हैं। स्थानीय निवासियों की शिकायत के अनुसार, कुछ ही दिन पहले पुल की मरम्मत के नाम पर सरकारी धन खर्च किया गया था। ऐसी स्थिति में, मरम्मत का एक साल भी नहीं पूरा हुआ था और पुल टूट गया। ऐसे में विभागीय जांच और काम के मानक पर गंभीर सवाल पैदा हो रहा है। उल्लेखनीय है कि, यही पुल आनिपुर बाजार और आस-पास के क्षेत्रों का मुख्य संपर्क साधन था। पुल टूटने के कारण रामकृष्णनगर के बड़े क्षेत्र की संचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इस दुर्घटना के चलते स्थानीय लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा।