20 Mar 2026
उरई, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले में कोंच कोतवाली क्षेत्र के सागर चौकी इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सागर तिराहे पर एक मिठाई की दुकान पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में धमाका हो गया, जिससे दुकानदार प्रभात अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर निवासी प्रभात अग्रवाल सुबह अपनी मिठाई की दुकान पर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुकान के अंदर रखे एक बड़े कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में गैस रिफिलिंग की जा रही थी। उसी समय दुकान में दूध भी गर्म किया जा रहा था। बताया जाता है कि रिफिलिंग के दौरान अचानक निकली चिंगारी सिलेंडर के संपर्क में आ गई, जिससे तेज आग लग गई और फिर जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के क्षेत्र में दूर तक सुनाई दी। धमाके से दुकान के अंदर का सामान बिखर गया और आसपास की दुकानों के शीशे भी चटक गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और अन्य दुकानदार मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और घायल दुकानदार को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सागर चौकी इंचार्ज सुमित पांडे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल प्रभात अग्रवाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सागर चौकी इंचार्ज सुमित पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।