20 Feb 2026
पलामू, 20 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी की मौजूदगी ने दहशत फैला दी है। शुक्रवार को लोटानिया गांव के समीप नहर पार एक हाथी को खेतों में विचरण करते देखा गया। हाथी के दिखते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर लौटने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी बिहार की ओर से होते हुए लोटानिया नहर पार कर सोनबरसा गांव की ओर बढ़ रहा था। हाथी की गतिविधि की सूचना मिलते ही किसानों ने एहतियातन खेतों की ओर जाना बंद कर दिया। कई किसान जो फसलों की रखवाली के लिए खेतों में थे, वे भी भयवश घर लौट आए। वहीं हाथी ने पूजा भट्ठा परिसर में घुसकर कई झुग्गी-झोपड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मजदूरों के घरों में रखा चावल, आटा सहित राशन बर्बाद कर दिया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूत्रों के मुताबिक, हाथी बरडीहा गांव के बगल से दक्षिण दिशा की ओर बढ़ता देखा गया है। हुसैनाबाद प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।स्थानीय युवा समाजसेवी अभिमन्यु कुमार सिंह ने बताया कि हाथी का मूवमेंट लगातार सोनबरसा की दिशा की ओर है। यदि समय रहते वन विभाग की टीम सक्रिय नहीं हुई तो अप्रिय घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में गश्ती दल तैनात करने, माइकिंग कर लोगों को सतर्क करने और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।