20 Mar 2026
बलिया, 20 मार्च (हि.स.)। बलिया के नरही थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर हमले का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। पीआरवी के दो सिपाहियों को दो दबंग युवकों ने बीच सड़क पर गिराकर पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तब शुरू हुआ जब सिकन्दरपुर गांव निवासी राघवेन्द्र रस्तोगी ने शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पीआरवी को सूचना दी कि उनके पिता श्यामसुन्दर रस्तोगी के साथ दो युवक मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची, जिसमें कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार और चालक हेड कांस्टेबल रामभजन यादव शामिल थे। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपित अरुण राय और अमित राय उर्फ गांगुली ने अचानक सिपाहियों से अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सिपाहियों को पकड़कर सड़क किनारे गिरा दिया और उन पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ईंट उठाकर हमला करने की भी कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया गया। घटना के बाद घायल सिपाही थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि डायल 112 पर मिली सूचना के बाद पीआरवी टीम सूचना पर मौके पर गई थी, जहां दो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।