14 Mar 2026
जौनपुर, 14 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्र नन्दन सिंह के माध्यम से विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता और छोटे व्यापारी गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और व्यावसायिक गैस सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि की गई है। केंद्र सरकार से मांग की गयी है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल वापस लेना, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस और पारदर्शी नीति लागू करना, और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान करना शामिल है। केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए एक स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करने की भी मांग की। इस अवसर पर विजय सिंह, श्वेता चौधरी, वंदना मिश्रा आदि उपस्थित रहे।