12 Feb 2026
फिरोजाबाद, 12 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर थाना मटसेना क्षेत्र में गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में पंजाब के एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। मटसेना थाना प्रभारी ने अनिल कुमार ने बताया क्षेत्र अन्तर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 41.400 के पास एक कार अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा और थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यूपीडा टीम ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को मौके से हटाया और तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हरपाल सिंह (42) पुत्र मेजर सिंह निवासी ग्राम सैनीवल, थाना महल कला, जिला बरनाला, पंजाब के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कार चालक हरदीप शर्मा पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम रायसर, थाना महर कला, जिला बरनाला, लखविंदर सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी गुरमा, थाना फुल्लीबाल, जिला बरनाला व एक अज्ञात शामिल है। ये सभी लोग पंजाब राज्य के रहने वाले हैं और सड़क निर्माण की ठेकेदारी करते हैं। यह लोग लखनऊ से मशीनों के पुर्जे खरीदने के लिए जा रहे थे थाना प्रभारी ने बताया कि संभवतः ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।