25 Jan 2026
नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने पामेला कोंटी को भारतीय अंडर-17 महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की मुख्य कोच नियुक्त किया है। एआईएफएफ ने रविवार को बताया कि 43 वर्षीय इटली की पूर्व खिलाड़ी पामेला कोंटी आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में तैयार हो रही युवा महिला टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो गई हैं, जहां टीम अप्रैल में चीन में शुरू होने वाले एएफसी अंडर 17 महिला एशियाई कप 2026 की तैयारी कर रही है। कोंटी के सहयोगी दल के हिस्से के तौर पर, उनके भाई विंसेंजो कोंटी भी सहायक कोच के रूप भारतीय अंडर-17 महिला टीम से जुड़ेंगे। निवेथा रामदास सहायक कोच के रूप में अपना काम जारी रखेंगी। पामेला कोंटी का पहला आधिकारिक टूर्नामेंट सैफ अंडर 19 महिला चैम्पियनशिप 2026 होगा, जो 31 जनवरी से 7 फरवरी तक नेपाल के पोखरा में आयोजित होगा। टुर्नामेंट में भारत अपनी अंडर 17 टीम के साथ भाग लेगा। इटली की पूर्व अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर कोंटी के पास खिलाड़ी और कोचिंग दोनों ही क्षेत्रों में व्यापक अनुभव है। अपने शानदार खेल करियर के दौरान उन्होंने इटली की महिला राष्ट्रीय टीम के लिए 90 मैच खेले और 30 गोल किए। उन्होंने कई घरेलू लीग खिताब और कप प्रतियोगिताएं जीतीं। उन्होंने 2018 में स्पेन में एटलेटिको डी मैड्रिड फेमेनिनो अंडर-16 टीम के साथ अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की। वे वेनेजुएला की महिला टीमों की भी कमान संभाल चुकी हैं।