19 Feb 2026
मेदिनीपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। मेदिनीपुर शहर के पास गोपगढ़ हेरिटेज एंड इको-पार्क के पास बुधवार रात एक दुखद घटना घटी। स्थानीय लोगों ने देखा कि एक पेड़ से एक दंपति का शव लटका हुआ है। सूचना मिलने पर मेदिनीपुर कोतवाली थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहूंची और शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। मृतकों की पहचान पिंटू दास (38) और उनकी पत्नी मधुमिता दास (32) के रूप में हुई है। दोनों मेदिनीपुर के बानपड़ा इलाके के निवासी थे। दंपति के दो नाबालिग बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी। शुरुआती जांच के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक पिंटू दास मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत थे और साथ ही सेल्समैन का काम भी करते थे। उनके भाई कृष्ण दास ने बताया कि पिंटू और उनकी पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं था और वे यह समझ नहीं पा रहे कि दंपति ने आत्महत्या क्यों की। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिंटू दास पिछले कुछ समय से अत्यधिक कर्ज और लेनदारों के बार-बार दबाव में तनाव में थे। अपमान और मानसिक पीड़ा सहन न कर पाने के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है। वार्ड नंबर 13 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद मोजाम्मेल हुसैन ने बताया कि पिंटू पर काफी कर्ज था, जिसे वह चुका नहीं पा रहे थे। लेनदारों द्वारा लगातार अपमानित किए जाने के कारण दंपति ने यह चौंकाने वाला कदम उठाया। पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण जारी है। आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।