07 Feb 2026
मुंबई, 07 फरवरी (हि.स.)। बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'हेरा फेरी' एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह फिल्म नहीं बल्कि उसके राइट्स को लेकर खड़ा हुआ कानूनी विवाद है। प्रोड्यूसर सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने इस मामले को लेकर अब मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है। अब तक यही माना जा रहा था कि 'हेरा फेरी 3' के राइट्स निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के पास हैं, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स में इस दावे को चुनौती दी गई है। साउथ के जाने-माने प्रोड्यूसर सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने दावा किया है कि फ्रेंचाइजी के राइट्स उन्होंने खरीदे हैं, न कि फिरोज नाडियाडवाला ने। सिर्फ एक हिंदी रीमेक का था अधिकार? रिपोर्ट के मुताबिक, सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने अपनी याचिका में कहा है कि फिरोज नाडियाडवाला को मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' (1989) का केवल एक हिंदी रीमेक बनाने का अधिकार मिला था। इसी अधिकार के तहत प्रियदर्शन ने साल 2000 में 'हेरा फेरी' का निर्देशन किया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद नाडियाडवाला ने बिना अधिकार के 'फिर हेरा फेरी' (2006) बनाई और अब 'हेरा फेरी 3' के राइट्स अभिनेता अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए। 2022 में खरीदे गए फ्रेंचाइजी राइट्स सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जी.पी. विजयकुमार ने बताया कि उन्होंने साल 2022 में 'रामजी राव स्पीकिंग' के ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स आदित्य फिल्म्स से 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी के राइट्स खरीदे थे। उनके मुताबिक, फिरोज नाडियाडवाला को न तो सीक्वल, प्रीक्वल बनाने का अधिकार था और न ही किरदारों के इस्तेमाल की अनुमति। अब क्यों उठाया गया मामला? इस सवाल पर विजयकुमार ने कहा कि पहली फिल्म प्रियदर्शन ने निर्देशित की थी, जिनसे उनके अच्छे संबंध रहे हैं। वहीं दूसरी फिल्म नीरज वोरा ने बनाई और उस समय कॉपीराइट होल्डर्स को इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में जब उन्हें पता चला कि राइट्स के बिना सीक्वल बनाया गया है, तब तक काफी समय बीत चुका था। विजयकुमार ने आगे बताया कि जब उन्होंने हिंदी में अगला वर्जन बनाने की योजना बनाई और इस सिलसिले में अक्षय कुमार से संपर्क किया, तब उन्हें पता चला कि फिरोज नाडियाडवाला पहले ही राइट्स अक्षय के प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स को बेच चुके हैं। इसके बाद नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भेजा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर कोर्ट का रुख करना पड़ा। अब इस हाई-प्रोफाइल विवाद पर सबकी नजर मद्रास हाई कोर्ट के फैसले पर टिकी है, जो यह तय करेगा कि 'हेरा फेरी 3' के असली राइट्स आखिर किसके पास हैं।