28 Jan 2026
बरेली, 28 जनवरी (हि.स.)। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) कानून के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने बुधवार को बरेली में जोरदार प्रदर्शन किया। सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बरेली, पीलीभीत सहित कई जिलों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश सचिव राजेश दुबे के नेतृत्व में परिषद ने कानून को वापस लेने की मांग उठाई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में पीलीभीत जिलाध्यक्ष रघुवंश कुमार तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश दीक्षित, संजीव कुमार, सचिन शर्मा, वंदना पांडे, पूजा दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। बरेली जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया। परिषद के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री को समर्थन देते हुए कहा कि मौजूदा हालात रहे तो और अधिकारी भी पद छोड़ने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी का यह कानून वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सरकार का बहिष्कार करने का भी ऐलान किया गया। जिलाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि यह मुद्दा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा है। परिषद ने प्रदेश और देशभर में आंदोलन फैलाने की अपील करते हुए कानून वापसी तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा की।-