22 May 2026
सुलतानपुर, 22 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दर्पीपुर मोड़ के पास दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई । गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दर्पीपुर मोड़ के पास बाइक सवार दोनों युवक चौरे गांव से सेमरी की ओर जा रहे थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।बिरसिंहपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने ओमकार (18) पुत्र सरवन कुमार, निवासी भर्थीपुर, जनपद अंबेडकर नगर को मृत घोषित कर दिया। अमित (18) पुत्र सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया था। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अमित (18) की भी मौत हो गई। अमित चौरे गांव, थाना मोतीगरपुर, सुल्तानपुर का निवासी था। भाई का नाम गौतम (21) है। मृतक ओमकार के पिता सरवन कुमार, माता चंदा देवी (32) और बहन आंचल (14) हैं। कोतवाल विवेक कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ओमकार अपनी मौसी के घर चौरे गांव आया हुआ था। वह अपनी मौसी के बेटे विजय कुमार की 13 मई को हुई शादी के कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परिजनों ने बताया कि ओमकार अपने परिवार में एक भाई और एक बहन में था। उसकी मौत की खबर से भर्थीपुर और चौरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दर्पीपुर मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था और संकेतक लगाने की मांग की है।