28 May 2026
धारूहेड़ा, 28 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कस्बा की सम्मानित समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित जेलदार परिवार की वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय रानी सुशीला देवी के निधन के बाद गुरुवार को जंगल बेबलर पर्यटन स्थल पर उनकी रस्म क्रिया श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों तथा दूर-दराज से आए लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय रानी सुशीला देवी, पूर्व सरपंच एवं प्रतिष्ठित जेलदार स्वर्गीय राव शमशेर सिंह की धर्मपत्नी थीं तथा ब्रिगेडियर देवेंद्र यादव एवं संजय यादव की पूज्य माता थीं। अपने जीवनकाल में उन्होंने समाज सेवा, गरीब एवं जरूरतमंदों की सहायता, महिला उत्थान तथा सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें अत्यंत सरल, मिलनसार और सेवाभावी व्यक्तित्व की धनी बताया। वे सदैव जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहती थीं और गांव के सामाजिक व धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि रानी सुशीला देवी का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा किए गए समाजसेवा के कार्य सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस मौके पर पूर्व मंत्री जगदीश यादव, हरियाणा पर्यटन निगम के पूर्व अध्यक्ष राव इंदर पाल, राव मनजीत, नवनिर्वाचित नपा अध्यक्ष अजय जांगड़ा, चेयरमैन कंवर सिंह, पार्षद अमन राव, हरियाणा अध्यापक संघ के प्रधान महाबीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।