01 May 2026
- रेलवे को सुचारू रूप से चलाने के लिए खाली पदों पर नियुक्ति की जाए
- रेल कर्मचारी अत्यंत दबाव में कर रहे हैं कामः रघुवैया
-
नई दिल्ली, 1 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज) । अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेलवे कर्मचारियों के संगठन नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन (एनएफआईआर) की ओर से प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन यूनियन ऑफिस में किया गया। इस मौके पर एनएफआईआर के महासचिव डॉ. एम. रघुवैया ने रेलवे के सभी कर्मचारियों को मजदूर दिवस की बधाई देते हुए कहा कि रेल कर्मचारी पूरे निष्ठा और मेहनत लगन के साथ पूरी रेलवे की सेवा करते हैं। इसके बावजूद उनको जो पारिश्रमिक मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आज न्यूनतम वेतन 18000 रुपये है, वह डीए मिलाकर मुश्किल से 30 हजार रुपये बनता है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि एक कर्मचारी का घर इतने कम वेतन में कैसे चल पाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारी फेडरेशन की सरकार से मांग है कि वह इस वेतन को 8वें पे कमीशन में बढ़ाकर के 69 हजार रुपये करे, ताकि रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों का ढंग से गुजर-बसर हो सके। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से मांग है कि आठवां वेतन आयोग जल्द से जल्द लागू किया जाए। इसके अलावा ओल्ड पेंशन स्कीम को भी लागू किया जाए, जिसका रेलवे के सभी कर्मचारियों को लाभ मिल सके और वे सुचारू रूप से घर-परिवार चला सकें ।
इस मौके पर एनएफआईआर के कार्यकारी अध्यक्ष व यूआरएमयू के महामंत्री बीसी शर्मा तथा यूआरएमयू के अध्यक्ष और प्रेस सचिव सोमनाथ मलिक भी मौजूद थे। बीसी शर्मा ने बताया कि पहले रेलवे में 17 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत थे, जो अब घटकर सिर्फ 12:30 लाख रह गए हैं जबकि इस दौरान रेलवे ट्रैक में काफी इजाफा हुआ है और ट्रेनों की संख्या भी बढ़ी है । इसकी वजह से कर्मचारियों के ऊपर काम का दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह रिक्त पदों कर्मचारियों की भी नियुक्ति करें ताकि काम का अतिरिक्त भार मौजूदा कर्मचारियों पर न पड़े । उन्होंने कहा कि हमारे रेल कर्मचारी चाहे दिन हो अथवा रात, चाहे त्यौहार हो निरंतर काम करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी फेडरेशन ने सरकार से मांग की है कि आठवां वेतन आयोग जल्द से जल्द लागू किया जाए और न्यूनतम वेतन बढ़ाया जाए। साथ ही कर्मचारियों की भर्ती की जाए ताकि रेलवे भी पूरी क्षमता से चले और रेलकर्मियों का भी ढंग से गुजर-बसर हो सके।