02 May 2026
नई दिल्ली, 2 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मान्यता प्राप्त कल्याण समिति द्वारा आज दिल्ली प्रेस क्लब में पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य पत्रकारों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य सुविधा, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर गहन चर्चा करना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक में रवींद्र गुप्ता, मनोहर सिंह, अमलेश राजू, प्रियरंजन, अमित कुमार, अशोक कौशिक, देवेन्द्र कुमार तोमर, अशोक धवन, आलोक गौर, रजनीकांत तिवारी, अजय शर्मा और प्रतिभा शुक्ल सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भाग लिया और अपनी बात रखी।
सभी वरिष्ठ पत्रकारों के विचारों को सुनने के बाद, अध्यक्ष रवींद्र गुप्ता ने एक निर्णायक सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को लेकर किसी संगठन के बैनर तले ज्ञापन सौंपने के बजाय, स्वतंत्र रूप से पत्रकारों द्वारा ही एकजुट होकर मुख्यमंत्री को इन मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया जाए।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर एक संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन सीधे मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। इस महत्वपूर्ण पत्र का प्रारूप तैयार करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार मनोहर सिंह एवं अमलेश राजू को सौंपी गई है। यह पहल पत्रकारों की मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।