12 May 2026
नई दिल्ली, 12 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के विधायक सिनीवासा सेतुपति ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर विधानसभा में विश्वास मत के दौरान मतदान करने से रोकने के मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी है। सेतुपति के निर्वाचन को मद्रास उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई है। सेतुपति की जीत महज एक वोट से हुई है। इस मामले को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने मेंशन करते हुए जल्द सुनवाई की मांग की। कोर्ट ने इस याचिका पर कल यानि 13 मई को सुनवाई करने का आदेश दिया। सेतुपति ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में तिरुपत्तुर से एक वोट से जीत हासिल की थी। सेतुपति के निर्वाचन को डीएमके उम्मीदवार केआर पेरियाकरुप्पन ने मद्रास उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। पेरियाकरुप्पन ने मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि एक पोस्टल बैलट की गिनती इसलिए नहीं की गई क्योंकि वो दूसरे विधानसभा सीट के लिए भेज दिया गया था।