23 May 2026
-शांक्सी प्रांत की लीउशेनयू खदान में हादसा, कई मजदूर अब भी लापत, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए जांच के आदेश
बीजिंग, 23 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। चीन के उत्तरी शांक्सी प्रांत में शुक्रवार रात एक भीषण गैस विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर दिया। चांगझी शहर के क़िनयुआन काउंटी स्थित लीउशेनयू कोयला खदान में हुए इस हादसे में अब तक कम से कम 90 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह चीन के पिछले एक दशक के सबसे बड़े खनन हादसों में से एक माना जा रहा है।
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार विस्फोट शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे हुआ। उस समय खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और जहरीली गैस के कारण बचाव अभियान में भारी मुश्किलें आईं। राहत दल ने 200 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बड़ी संख्या में मजदूर गैस और धुएं की चपेट में आ गए।
प्रारंभिक जांच में खदान के भीतर कार्बन मोनोऑक्साइड और मीथेन गैस का स्तर खतरनाक सीमा से ऊपर पाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के बाद अचानक विस्फोट हुआ। हालांकि अधिकारियों ने अभी हादसे के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “लापता लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए” तथा हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है।
स्थानीय प्रशासन ने खदान संचालित करने वाली कंपनी के कई अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है। चीन में पिछले कुछ वर्षों में खदान सुरक्षा नियम सख्त किए गए हैं। इसके बावजूद कोयला खदानों में हादसे लगातार सामने आते रहे हैं। शांक्सी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक क्षेत्र माना जाता है और देश की ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा यहीं से पूरा होता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्पादन बढ़ाने के दबाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर चीन की खनन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चीन की समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुुताबिक आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि चीन ने उत्तरी चीन के शानक्सी प्रांत के चिनयुआन काउंटी में एक कोयला खदान में गैस विस्फोट के बाद बचाव कार्यों में सहायता के लिए छह राष्ट्रीय खदान आपातकालीन बचाव दल भेजे हैं, जिनमें उपकरणों के साथ कुल 345 कर्मी शामिल हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी हैं।