29 May 2026
-ईसानगर, खमरिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई -लाखों के जेवरात, 2.07 लाख की नकदी, अवैध असलहे और बिना नंबर का ऑटो बरामद लखीमपुर खीरी, 29 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के ईसानगर पुलिस, खमरिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से दो बदमाश घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। इन बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की थी। एसएसपी डॉ ख्याति गर्ग ने शुक्रवार दोपहर बताया कि पुलिस टीम गुरुवार रात ग्राम नौरंगपुर के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस को मुखबिर द्वारा बदमाशों के निकलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस में घेराबंदी की। इस दौरान कुछ संदिग्धों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अभियुक्तों—रमाकांत (34 वर्ष) और हारून (27 वर्ष), निवासी जालिमपुर (सीतापुर)—के पैर में गोली लगी। पुलिस ने इन दोनों के साथ उनके चार अन्य साथियों संदीप, संजय, पीयूष और धीरज को भी मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से ईसानगर, खमरिया और धौरहरा थानों में दर्ज कुल 8 चोरी के मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के जेवरात (मंगलसूत्र, झुमके, पायल, अंगूठी), 2,07,500 रुपये नकद, दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर), कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक बिना नंबर प्लेट का सीएनजी ऑटो बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त हारून के खिलाफ लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली और प्रतापगढ़ में कुल 25 संगीन मामले दर्ज हैं, जबकि रमाकांत पर राजस्थान के अलवर और सीतापुर में 24 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों ही पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं।