16 May 2026
नई दिल्ली, 16 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने महिला टी20 विश्व कप 2026 और उससे पहले आयरलैंड में होने वाली त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। आयरलैंड, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच यह त्रिकोणीय श्रृंखला 28 मई से 4 जून तक डबलिन में खेली जाएगी, जिसे विश्व कप की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। पाकिस्तान टीम की कप्तानी एक बार फिर फातिमा सना को सौंपी गई है। वहीं, एमन फातिमा, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, साइरा जबीन और तस्मिया रुबाब पहली बार महिला टी20 विश्व कप में हिस्सा लेंगी। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी20 श्रृंखला की टीम से केवल अंबर कैनात को बाहर किया गया है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज डायना बेग की टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा छह खिलाड़ियों को रिजर्व सूची में रखा गया है। पाकिस्तान टीम फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, एमन फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, साइरा जबीन, तस्मिया रुबाब और टुबा हसन। रिजर्व खिलाड़ी अंबर कैनात, मोमिना रियासत, सदफ शमास, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और उम्म-ए-हानी। महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के मुकाबले 14 जून : भारत बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम 17 जून : पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका, बर्मिंघम 20 जून : पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, साउथम्प्टन 23 जून : पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, हेडिंग्ले 27 जून : पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स, ब्रिस्टल विश्व कप से पहले पाकिस्तान टीम दो अभ्यास मैच भी खेलेगी। पहला मुकाबला 6 जून को श्रीलंका और दूसरा 9 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ डर्बी में होगा। पाकिस्तान अपना विश्व कप अभियान 14 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ एजबेस्टन, बर्मिंघम में शुरू करेगा। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान टीम हाल ही में अपने घर में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 श्रृंखला में क्लीन स्वीप करने में सफल रही थी।