14 Jun 2026
उरई, 14 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ से महोबा जा रहा मजदूरों से भरा एक ट्रक छिरिया सलेमपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक में सवार दर्जनों मजदूर एवं उनके परिजन घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही जालौन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अन्य आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सभी का इलाज जारी है।