09 May 2026
भुवनेश्वर, 09 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना कोदला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाली ढाबा के पास हुई, जहां एक निजी यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, निजी बस पोलसरा से पुरी की ओर जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान कोदला टाउन के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन के अंदर फंस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। चालक को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें से आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को अधिक चोटें आईं। दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कालेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज कोडाला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई। अधिकारी दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।