05 Jun 2026
बिजनौर, 05 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज) | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रोशनपुर प्रताप में शुक्रवार काे भाेर में देहरादून जा रही एक निजी बस अनियंत्रित हाेकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हुए हैं| इनमें आठ लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है। लखीमपुर खीरी से देहरादून जा रही निजी बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। सभी यात्री रोजगार के सिलसिले में देहरादून जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे बस रोशनपुर प्रताप गांव के पास पहुंची तो अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राकेश पुत्र शंभू (30 वर्ष), निवासी टेहारा, थाना धौरहरा, जनपद लखीमपुर खीरी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल अमन, राम दुलारे, अंशिका, गोलू, बबलू, रोशनी, पूजा और राजाराम की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है। अन्य 21 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में जारी है। पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही घायलों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश लोग रोजगार के लिए देहरादून जा रहे थे। हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।