29 May 2026
मऊ, 29 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मऊ के ताजोपुर गांव में शुक्रवार को उस समय ऐतिहासिक माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पीएन सिंह द्वारा स्थापित 150 बेड के ग्रामीण सैनिक अस्पताल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिगेडियर पीएन सिंह ने अपने गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य के कई संस्थान स्थापित कर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण भारत भी आत्मनिर्भरता और विकास का केंद्र बन सकता है। उन्होंने इसे ग्रामीण स्वावलंबन का अनुपम उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति चाहे कितनी भी ऊंचाइयों तक पहुंच जाए, लेकिन जननी और जन्मभूमि का ऋण कभी नहीं चुका सकता। ब्रिगेडियर पीएन सिंह ने अपने गांव में सैनिक आईटीआई, सैनिक कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और अब आधुनिक अस्पताल स्थापित कर मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्य का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। योगी ने कहा कि यह केवल व्यवसाय नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा और समाजसेवा की एक प्रेरणादायी पूजा है। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पंचप्रण” का उल्लेख करते हुए कहा कि विरासत का सम्मान, गुलामी की मानसिकता का त्याग, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना, सैनिकों का सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का पालन—इन सिद्धांतों को यह संस्थान धरातल पर उतार रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे। ताजोपुर जैसे प्रयास पूरे प्रदेश और देश के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में केवल 41 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब 2026 तक इनकी संख्या बढ़कर 83 हो चुकी है। सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है, साथ ही अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, दारा चौहान और दयाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।