09 May 2026
लखनऊ, 9 मई (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को कैबिनेट विस्तार हो सकता है और कुछ नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। मौजूदा कुछ मंत्रियों का कद बढ़ाये जाने की चर्चा भी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और जातीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। संभावित तौर पर ब्राह्मण, ओबीसी, दलित और महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ाने पर जोर रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिम बंगाल की सुभेंदु अधिकारी की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से वापस आकर शनिवार शाम राज्यपाल से मिलने जन भवन पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना संजय प्रसाद के अलावा मुख्यमंत्री के सलाहकार पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी समेत अन्य अधिकारी भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी के जन भवन पहुंचने की सूचना आते ही मीडिया में मंत्रिमण्डल विस्तार की चर्चा तेज हो गयी। ज्यादातर न्यूज चैनलों पर मंत्रिमण्डल विस्तार को लेकर ही कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक मंत्रिमण्डल विस्तार के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गयी है।