08 May 2026
-आयुष आधारित वेलनेस और स्ट्रेस मैनेजमेंट सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा
-नई ओपीडी सेवाओं के माध्यम से बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के आयुष पद्धतियों द्वारा समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा
नई दिल्ली, 08 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज) । राजधानी दिल्ली में एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान (सीबीपीएसीएस) में होम्योपैथी एवं यूनानी ओपीडी क्लीनिक शुरू करेगी, जिससे एकीकृत आयुष आधारित वेलनेस एवं तनाव प्रबंधन सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।
यह पहल दिल्ली सरकार के आयुष निदेशालय के माध्यम से शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य आयुर्वेद, योग, होम्योपैथी और यूनानी सहित विभिन्न आयुष पद्धतियों के जरिए नागरिकों को समग्र एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस व्यवस्था के अनुसार ओपीडी सेवाओं के लिए डॉक्टरों और सहयोगी स्टाफ की तैनाती आयुष निदेशालय द्वारा की जाएगी। इन सेवाओं के संचालन से संबंधित खर्च भी निदेशालय ही वहन करेगा, जबकि सीबीपीएसीएस सेवाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए जरूरी स्थान और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराएगा।
प्रस्तावित ओपीडी सेवाओं से आयुष आधारित वैज्ञानिक एवं समग्र उपचार पद्धतियों के माध्यम से तनाव प्रबंधन और वेलनेस सेवाओं को मजबूती मिलेगी। इस उद्देश्य से केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS), केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद (CCRUM) और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (CCRH) जैसे प्रमुख शोध संस्थानों को भी इस पहल से जोड़ा गया है। ये संस्थान तनाव प्रबंधन एवं समग्र स्वास्थ्य के प्रति इन पद्धतियों की प्रभावशीलता के संबंध में शोध और साक्ष्य जुटाने में भी सहयोग करेंगे।
इस पहल से तनाव प्रबंधन और पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इसके तहत मरीजों को एक ही मंच पर एकीकृत आयुष उपचार प्रणालियों तक पहुंच उपलब्ध हो सकेगी। नई ओपीडी सेवाओं की परिकल्पना दिल्ली सरकार की उस पारंपरिक एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित स्वास्थ्य पद्धतियों को बढ़ावा देने की व्यापक प्रतिबद्धता के तहत की गई है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में दिल्ली सरकार लगातार सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को और ज्यादा मजबूत करने और विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान (सीबीपीएसीएस), जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जीएनसीटीडी के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, आयुष निदेशालय के साथ समन्वय स्थापित कर नई सेवाओं को शुरू करने और संचालन में सहयोग करेगा। इस पहल से राजधानी दिल्ली में समग्र उपचार एवं स्वास्थ्य सहायता की तलाश कर रहे बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।