01 Jun 2026
नई दिल्ली, 01 जून (एजेंसी)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार तीन आरोपितों को 15 जून तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तीनों की सीबीआई हिरासत आज खत्म हो रही थी, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपितों शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और कोचिंग सेंटर डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी पुणे में फिजिक्स के टीचर तेजस हर्षदकुमार शाह और मनीषा संजय हवलदार को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस मामले में अब तक 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इसके पहले कोर्ट ने 17 मई को मनीषा मंधारे को आज तक की सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। मनीषा मंधारे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से प्रश्न पत्र सेट करने वाले पैनल में थी। मनीषा को मथुरा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। मनीषा मंधारे पर आरोप है कि उसने नीट पेपर प्रश्न पत्र को लीक करने के लिए केमिस्ट्री टीचर पीवी राव और मनीषा वाघमारे के साथ साजिश रची। पीवी राव और मनीषा वाघमारे को कोर्ट ने 16 मई को सीबीआई हिरासत में भेजा था। इसके पहले कोर्ट ने 15 मई को धनंजय लोखंडे को सीबीआई हिरासत में भेजा था। आरोप है कि मनीषा वाघमारे ने धनंजय लोखंडे को नीट के प्रश्न पत्र दिए। बाद में धनंजय लोखंडे ने शुभम खैरवार को प्रश्नपत्र दिए। कोर्ट ने 14 मई को पांच आरोपितों नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव को सीबीआई हिरासत में भेजा था। शुभम खैरनार को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था।