31 May 2026
नई दिल्ली, 31 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति (एमपीकेएस) के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने समिति की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता, महासचिव रजनीकांत तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक कौशिक तथा अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रतीक चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने भी उपस्थित पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समिति अध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता ने पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अंतर्राज्यीय मार्गों पर संचालित डीटीसी बसों में पत्रकारों को निःशुल्क यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने पिछले कई वर्षों से एक्रिडेशन कमेटी का गठन नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर एक्रिडेशन कमेटी का गठन कराया जाएगा।
इससे पूर्व हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति द्वारा नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल थे। विशिष्ट अतिथियों में स्वामी दीपांकर जी महाराज, प्रो. के.जी. सुरेश, डॉ. वेद प्रकाश गुप्ता तथा अरुण गोयल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु, असम, कर्नाटक और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अपने संबोधन में रविन्द्र गुप्ता ने लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका और उनके समक्ष मौजूद चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए केंद्र एवं दिल्ली सरकार से वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना तथा पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा बहाल करने की मांग दोहराई।
समारोह के दौरान पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक हस्तियों को ‘बिग मोमेंटो’ और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में संगीता बरूआ पिशारोची, अनिल यादव, अमलेश राजू, प्रतिभा शुक्ला, अमित कुमार, कुमार राजीव रंजन सिंह, के.डी. पाठक, संतोष सिंह, प्रभात चंद्र शर्मा, ज्ञान प्रकाश, विकास गर्ग, अशोक धवन और आलोक गौर सहित कई पत्रकार शामिल रहे।
समारोह के समापन पर विजय गोयल और स्वामी दीपांकर जी महाराज ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता समाज का आईना है तथा पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक हितों की रक्षा करना समाज और सरकार दोनों की साझा जिम्मेदारी है।