31 May 2026
नई दिल्ली, 31 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दक्षिणी दिल्ली के सैदुल्लाजाब इलाके में शनिवार शाम एक बहुमंजिला इमारत ढहने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया। हादसे के बाद शुरू किया गया राहत एवं बचाव अभियान रविवार देर शाम तक भी जारी रहा। बचाव दलों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं।
दिल्ली फायर सर्विस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमें रातभर मलबा हटाने और तलाश अभियान में जुटी रहीं। अधिकारियों के अनुसार अब तक 14 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। इनमें 10 लोगों को बचाव दलों ने सुरक्षित निकाला, जबकि चार लोगों को स्थानीय निवासियों ने बाहर निकालने में मदद की।
घायलों को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां आठ लोगों का उपचार जारी है। मृतकों की पहचान रवि, एकता, आलोक, नलिन, पर्वती और कपिल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में तरुण कुमार (26), साइका खान (27), नीलम यादव (25), आदित्य शर्मा (24), क्षितिज प्रताप (25), अनुज दीक्षित (25), आस्था (25) और विशाल (24) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार मृतकों और घायलों में इंजीनियरिंग तथा मेडिकल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग इमारत की संरचनात्मक स्थिति तथा निर्माण संबंधी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
महरौली थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।