17 May 2026
नई दिल्ली, 17 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को जोर बाग आवासीय क्षेत्र में #EkPedMaaKeNaam_OnSunday अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, स्थानीय निवासी, वरिष्ठ नागरिक, अधिकारी एवं एनडीएमसी कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व चहल ने जोर बाग को एनडीएमसी की अगली “अनुपम कॉलोनी” घोषित करने वाले प्रमाणन बोर्ड का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनडीएमसी की “अनुपम कॉलोनी” पहल स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आवासीय कॉलोनियों के निर्माण हेतु सतत एवं विकेन्द्रीकृत कचरा प्रबंधन का एक प्रभावी मॉडल है।
उन्होंने बताया कि “अनुपम कॉलोनियां” 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण, ऑन-साइट कम्पोस्टिंग, रीसाइक्लिंग, विकेन्द्रीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा जनभागीदारी के सिद्धांतों पर विकसित की जा रही हैं। इससे न केवल कचरा परिवहन लागत कम होती है, बल्कि स्वच्छ वातावरण, बेहतर सफाई व्यवस्था और हरित क्षेत्रों के विकास को भी बढ़ावा मिलता है।
चहल ने कहा कि इससे पूर्व सत्य सदन ऑफिसर्स फ्लैट्स, भारती नगर, आराधना कॉलोनी, बापू धाम कॉलोनी, न्यू मोती बाग एवं काका नगर को “अनुपम कॉलोनी” घोषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसी मॉडल पर अन्य कॉलोनियों को भी विकसित किया जा रहा है ताकि “स्वच्छ, हरित एवं जीरो-वेस्ट नई दिल्ली” के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान आरडब्ल्यूए जोर बाग के अध्यक्ष अनमोल खन्ना, मानद सचिव राहुल ग्रोवर, उपाध्यक्ष गायत्री पुरी तथा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने भी अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए।
इस अवसर पर चहल ने कहा, “एक पेड़ माँ के नाम केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि भावनात्मक एवं सामाजिक जिम्मेदारी का जनआंदोलन है। जब हम एक पेड़ लगाते हैं, तब हम अपनी माताओं एवं प्रकृति माँ को सम्मान देने के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं।”
उन्होंने बताया कि एनडीएमसी द्वारा वर्षभर के लिए ग्रीन कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत नई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्येक रविवार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल, स्वच्छता, सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज एवं विद्युत विभाग संयुक्त रूप से लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करेंगे।
चहल ने कहा कि इस प्रकार की पहलें विकसित भारत @2047 की परिकल्पना के अनुरूप हैं, जिसमें स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर नागरिक अवसंरचना एवं सक्रिय जनभागीदारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से राष्ट्रीय परिस्थितियों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपील का पालन करने, एकजुट रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान भी किया।
#EkPedMaaKeNaam_OnSunday अभियान एवं “अनुपम कॉलोनी” जैसी पहलों के माध्यम से एनडीएमसी स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण जागरूक भारत के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है।