02 May 2026
नई दिल्ली, 2 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए आज जय सिंह रोड स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में ‘सुविधा शिविर’ का सफल आयोजन किया। यह शिविर निवासियों और सेवा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक ‘सिंगल विंडो’ प्लेटफॉर्म के रूप में आयोजित किया गया था। शिविर के दौरान नागरिकों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 101 शिकायतें दर्ज की गईं। ज्यादातर शिकायतें सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, कर एवं संपत्ति और प्रवर्तन विभागों से जुड़ी थीं। कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि जटिल मामलों के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की गई।
प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए शिविर में 30 से अधिक विभागों के 100 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी तैनात थे। प्रत्येक डेस्क की निगरानी सीधे विभागाध्यक्षों द्वारा की गई, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता आई।
एनडीएमसी ने नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं देने के लिए ‘जन सुविधा पोर्टल’ को भी सुदृढ़ किया है। यह एक संपर्क-रहित (Contactless) मंच है जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत की स्थिति (Status) का रियल-टाइम ट्रैक कर सकते हैं। सेवाओं पर अपनी प्रतिक्रिया (Feedback) दे सकते हैं। इसके अलावा, परिषद् सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी शिकायतों की निरंतर निगरानी और समाधान कर रही है।
एनडीएमसी की यह पहल दर्शाती है कि परिषद नागरिकों को शासन के केंद्र में रखकर काम कर रही है। ‘सुविधा शिविर’ और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से प्रशासन को अधिक सुलभ, प्रभावी और जन-हितैषी बनाने का संकल्प पुनः दोहराया गया है।