10 Jun 2026
नई दिल्ली, 10 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के तत्वावधान में परिषद क्षेत्र के मंदिर मार्ग स्थित महर्षि वाल्मीकि चौक के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्य का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर एनडीएमसी के सदस्य अनिल वाल्मीकि ने परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर श्रद्धेय श्री कृष्ण शाह विद्यार्थी जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही एनडीएमसी के मुख्य अभियंता (सिविल) पुर्नेश कुमार, अधीक्षक अभियंता (सिविल) राजशेखर, परिषद के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अनिल वाल्मीकि ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि चौक का सौंदर्यीकरण क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की सुंदरता में वृद्धि होगी तथा स्थानीय नागरिकों को एक स्वच्छ, आकर्षक एवं प्रेरणादायी सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि एनडीएमसी द्वारा संचालित यह परियोजना परिषद की नागरिक सुविधाओं के उन्नयन, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित नागरिकों एवं अधिकारियों द्वारा परियोजना की सफलता हेतु शुभकामनाएं व्यक्त करने के साथ हुआ।
----------------------