02 Jun 2026
देवप्रयाग, 2 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई से अलकनंदा नदी में जा गिरा। प्रारंभिक रिपोर्टोंं के अनुसार इसमें कम से कम आठ लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह थाना देवप्रयाग से वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक (एसडीआरएफ, उत्तराखंड) अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर श्रीनगर और ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी तत्काल मौके पर भेजा गया।
वर्तमान में एसडीआरएफ की ब्यासी, श्रीनगर और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा पर आए हुए थे।।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं सर्चिंग के दौरान दो लोगों के शव भी बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए नदी तट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान जारी है।
एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने कहा है कि घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।