08 May 2026
नई दिल्ली, 8 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भाजपा के कार्यकर्ता विकास के लिए आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान ऋषिकेश में पश्चिम दिल्ली एवं नजफगढ़ जिलों के रात्रि प्रवास शिविरों के साथ शुरू हुआ।
6,7,8 मई को आयोजित तीन दिवसीय शिविर के अंतिम दिन आज भाजपा के वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने विचार परिवार विषय पर विस्तृत चर्चा की तो दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दोनों जिलों के समापन सत्रों को सम्बोधित करते हुए कार्यकर्ता विकास के महत्व पर चर्चा की।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की हम यह प्रशिक्षण शिविर दिन में एवं दिल्ली में भी आयोजित कर सकते थे पर यह रात्रि प्रवास शिविर जिनमें वरिष्ठ नेता एवं सामान्य कार्यकर्ता एक साथ रह रहे हैं वह हमें छोटे छोटे मतभेद भुला कर कार्यकर्ता समन्वय मेलजोल बढ़ाने का अवसर देते हैं।
दिल्ली भाजपा की प्रशिक्षण प्रमुख एवं पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत, सह प्रमुख सुमित भसीन, दोनों जिलाध्यक्षों चन्द्रपाल बख्शी एवं राज शर्मा गौतम और सभी कार्यकर्ताओं को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि अब आगामी कुछ दिनों में 4 संसदीय क्षेत्रों के जिलों के दो दिवसीय रात्रि प्रवास शिविर तय कर लिए गये हैं और इसी के अंतर्गत कल 9 एवं 10 मई को पूसा में नई दिल्ली एवं करोलबाग जिलों के, 10 एवं 11 मई को हरिद्वार में उत्तर पूर्व एवं नवीन शाहदरा के, 11 एवं 12 मई को उत्तर पश्चिम जिले का खाटूधाम अलीपुर में तो बाहरी दिल्ली जिले का जिम कार्बेट पार्क उत्तराखंड में होगा और 12 एवं 13 मई को महरौली के साथ दक्षिण दिल्ली जिलों के प्रशिक्षण शिविर भी अलग अलग जिम कार्बेट पार्क उत्तराखंड में होंगे। शेष 4 जिलों के शिविरों की शीघ्र घोषणा होगी।
सभी भाजपा प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के साथ दिल्ली की मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता, सांसद, मंत्रियों के साथ ही कुछ वरिष्ठ नेता भी विभिन्न विषय सत्रों में अपेक्षित हैं।