14 Jun 2026
तिनसुकिया (असम), 14 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। तिनसुकिया जिले के दुमदुमा स्थित डेली बाजार में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। पुलिस ने रविवार को बताया कि आग की चपेट में आकर बाजार की लगभग छह से सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई, जिससे दुकानों में रखा सामान और अन्य संपत्ति नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
आग लगने के कारणों का अंतिम सूचना मिलने तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।