25 May 2026
नई दिल्ली, 25 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। मई महीने में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं।
सोमवार सुबह जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया।
नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है, जबकि मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत कई बड़े शहरों में भी ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 7 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
तेल कंपनियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन महंगा हुआ है। कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत और घाटे की भरपाई के लिए दाम बढ़ाने पड़े हैं।
ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका है, जिसका असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। आम लोगों ने लगातार बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई है।