01 May 2026
मीरजापुर, 01 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार म्यूजिक टीचर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पिकअप वाहन को गिरफ्तार कर लिया है। मड़िहान थाना क्षेत्र के मरचा गांव निवासी 34 वर्षीय सर्वेश कुमार सिंह सोनभद्र के एक निजी कॉलेज में म्यूजिक टीचर थे। वह गुरुवार रात चुनार के डगमगपुर में देवी जागरण कार्यक्रम में शामिल होकर शुक्रवार सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। सेमरी गांव के पास सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सर्वेश की तीन वर्ष पहले शादी हुई थी और उनका एक दो वर्षीय पुत्र है। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के बाद भाग रही पिकअप को चक गंभीरा चौकी पर पकड़ लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।