02 May 2026
पौड़ी (गढ़वाल), 2 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में डोबरा-चाटी के पास शनिवार शाम आंधी तूफान में फंसे 30 लोगों को एसडीआरएफ ने सरक्षित बचा लिया।
एसडीआरएफ प्रवक्ता ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज शाम लगभग 7:45 बजे आपदा कंट्रोल रूम, टिहरी गढ़वाल द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि डोबरा-चाटी के पास आंधी-तूफान आने के कारण झील में स्थित फ्लोटिंग हटमेंट टूट गए हैं, जिसमें कई व्यक्तियों के फंसे होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट कोटी कॉलोनी से सब इंस्पेक्टर नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मय आवश्यक उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने देखा कि हटमेंट तीव्र आंधी-तूफान आने के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गए थे। एसडीआरएफ टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और 25 से 30 व्यक्तियों को फ्लोटिंग हटमेंट से सुरक्षित निकालकर पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से सुरक्षित कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया।