14 Jun 2026
नई दिल्ली, 14 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जातिअनुसूचित जनजातिअन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एवं बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने रविवार को गांव पूठखुर्द में दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड से लगभग ₹10 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं के तहत सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सीसी पेवमेंट निर्माण, आरसीसी नालियों के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के कार्य किए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पूठखुर्द और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा, जलभराव की समस्या में कमी आएगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होने से व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पूठखुर्द में शुरू की गई परियोजनाएं केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव के समग्र विकास, बेहतर जीवन स्तर और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बताया कि एक दिन पहले ही बवाना विधानसभा क्षेत्र के दीप विहार में लगभग ₹20 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जबकि आज पूठखुर्द में ₹10 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि बवाना विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बवाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे और क्षेत्रवासियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से क्षेत्र के प्रत्येक गांव और कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि विकास, स्वच्छता, यातायात सुविधा और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भविष्य में भी नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, ताकि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती के साथ जोड़ा जा सके।